सीवरेज जाम से नारकीय बनी वार्ड नंबर 63

सीवरेज जाम से नारकीय बनी वार्ड नंबर 63

जालंधर: / वार्ड नंबर 63 के अंतर्गत आते आर्यनगर के शीतल आइस क्रीम वाली गली के पास पिछले कई दिनों से सीवरेज जाम की गंभीर समस्या बनी हुई है। प्रशासन की लापरवाही के कारण सीवरेज का गंदा और दूषित पानी पूरी गलियों में फैल चुका है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है।

रास्ते बंद, घरों में कैद होने को मजबूर लोग

गलियों में घुटनों तक भरे गंदे पानी के कारण इलाका वासियों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों और स्कूली बच्चों को इसी दूषित पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा है।

महामारी फैलने की आशंका

चिलचिलाती गर्मी में गलियों में ठहरे इस गंदे पानी से भयंकर बदबू आ रही है, जिससे पूरे इलाके का वातावरण दूषित हो गया है। स्थानीय निवासियों ने चिंता जताई है कि पानी के कारण मच्छरों और बैक्टीरिया का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे इलाके में कोई गंभीर बीमारी या महामारी फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है।

इलाका वासियों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई है कि इस समस्या का तुरंत संज्ञान लिया जाए और सीवरेज को साफ करवाकर उन्हें इस नारकीय स्थिति से निजात दिलाई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *