पंजाब में बदलाव की मजबूत लहर, भाजपा ही दे सकती है स्थिर और विकासोन्मुख नेतृत्व : राकेश राठौर

पंजाब में बदलाव की मजबूत लहर, भाजपा ही दे सकती है स्थिर और विकासोन्मुख नेतृत्व : राकेश राठौर

जालंधर, 2 सितंबर। ( सन्नी भगत) भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल तथा पूर्व राज्यसभा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक के साथ शिष्टाचार भेंट कर पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान प्रदेश में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों और संगठन विस्तार अभियान की भी समीक्षा की गई।

बैठक के उपरांत राकेश राठौर ने कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी सरकार की विफलताओं से निराश है। कानून-व्यवस्था, नशे, बेरोजगारी और विकास जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है। जनता अब एक मजबूत, भरोसेमंद और विकासोन्मुख विकल्प की तलाश में है।

राकेश राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है, जबकि पंजाब विकास की दौड़ में पिछड़ रहा है। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो पंजाब को स्थिर नेतृत्व, सुशासन और विकास की नई दिशा दे सकती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन गांव-गांव और बूथ-बूथ तक मजबूत हो रहा है तथा प्रदेश में तेजी से बदल रहे राजनीतिक हालात भाजपा के पक्ष में हैं। विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं, जो जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

राठौर ने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर भाजपा आने वाले समय में पंजाब की राजनीति में और अधिक मजबूत होकर उभरेगी तथा प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन का नेतृत्व करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *