जालंधर: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल, जिनका जालंधर और गांव जमशेर से गहरा जुड़ाव है, सोमवार को रायपुर फ्राला गांव की दाना मंडी में हुए भीषण अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने पहुंचे। ज्ञात रहे कि इस हादसे में कई घर जलकर राख हो गए और एक चार वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई थी।
शेरगिल भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा, जिला महासचिव राजेश कपूर,अशोक सरीन हिक्की, मंडल इंचार्ज जस जौहल,ममता लखनपाल, नरेश वालिया, और अन्य पार्टी नेताओं के साथ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। वे अपने साथ पीड़ित परिवारों के लिए जरूरी राहत सामग्री भी लेकर आए। राहत सामग्री में गद्दे, कपड़े, चप्पल, बर्तन,चारपाइयां, तिरपाल, पंखे, दवाइयां, अस्थायी दरवाजे और अन्य जरूरी घरेलू सामान शामिल थे।
घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जयवीर शेरगिल ने कहा, “इस दर्दनाक हादसे में चार साल के मासूम बच्चे की जान जाना बेहद दुखद है। जो परिवार रात को चैन से सोए थे, वे सुबह आग, तबाही और बेघर होने की स्थिति में जागे। पीड़ित परिवार केवल संपत्ति के नुकसान से नहीं जूझ रहे हैं, बल्कि इस भीषण गर्मी में उनके पास रहने की जगह, बिजली, भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा गरीबों, जरूरतमंदों और संकट में फंसे लोगों के साथ खड़े रहे हैं। उनकी सेवा और संवेदनशीलता की भावना से प्रेरित होकर हम यहां राजनीति करने नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों तक तुरंत राहत और सहायता पहुंचाने आए हैं।”
इस अवसर पर जयवीर शेरगिल, सुशील शर्मा, अशोक सरीन ने पीड़ित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि भाजपा इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी राहत कार्य जारी रहेंगे और प्रभावित परिवारों को दोबारा अपना जीवन व्यवस्थित करने के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से भी मांग की कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की तुरंत व्यवस्था की जाए, बिजली और पीने के पानी की आपूर्ति बहाल की जाए तथा भोजन और चिकित्सा सहायता पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाई जाए।
स्थानीय लोगों ने राहत सामग्री के त्वरित वितरण की सराहना की और इस मुश्किल समय में भाजपा नेताओं द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और सहयोग का स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व सरपंच मीना राना, अजय पीवल, जोगिन्द्र बाठ, मस्सा राम, रमेश कुमार, ध्यान सिंघ, आर्यन भट्टी, जस्सी जंडियाला, मास्टर हीरालाल लखनपाल, पूर्व सरपंच रमन लखनपाल, पूर्व सरपंच सतपाल हरदोफराला, राधा रानी, द्वारका दास, पवन कुमार, कमल कुमार, गुरविंदर कुमार, कमलजीत, पिंदा टेसी, ललित बब्बू, सन्नी शर्मा, गौरव राय आदि इलाके के भाजपा वर्कर हाजिर थे।
