जालंधर के साईं दास स्कूल मैदान में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया।

जालंधर के साईं दास स्कूल मैदान में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया।

जालंधर के साईं दास स्कूल मैदान में शनिवार रात भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया समेत पंजाब सरकार के कई मंत्री और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने धार्मिक आयोजन के मंच से सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए लोगों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत चार नए धार्मिक रूट जोड़ने की घोषणा की।

अब राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को हरिद्वार, मथुरा-वृंदावन, खाटू श्याम और सालासर बालाजी धाम की मुफ्त तीर्थ यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। उन्होंने ‘मेरा भोला है भंडारी’ सहित कई शिव भजन प्रस्तुत किए, जिन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारे लगाए।

अपने संबोधन में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार ने भगवान परशुराम जयंती के राज्य स्तरीय आयोजन के लिए जालंधर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरती का चयन सोच-समझकर किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शांति, सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा संतों और महापुरुषों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चल रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की उपजाऊ धरती पर हर चीज फल-फूल सकती है, लेकिन नफरत कभी नहीं पनप सकती। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर सभी त्योहारों को मिल-जुलकर मनाते हैं। ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और विकास को बढ़ावा देते हैं।

समारोह में विभिन्न धार्मिक संगठनों के संत-महात्माओं ने भी शिरकत की। कार्यक्रम में पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा, मोहिंदर भगत, ‘आप’ पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया, सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *