जालंधर, 1 अगस्त ( KPD News ) श्री गुरु रविदास महाराज जी के पावन जन्मस्थान सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से जालंधर पहुंचे पावन कलश का श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
पावन कलश के जालंधर पहुंचने पर वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने ढोल-ताशों की गूंज, जयकारों, पुष्पवर्षा एवं आतिशबाजी के बीच कलश का स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में लड्डू वितरित किए गए तथा गुरु रविदास महाराज जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की, पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण देव भंडारी, जालंधर के पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू भाजपा नेता शीतल अंगुराल, पूर्व जिला अध्यक्ष रमन पब्बी अमरजीत सिंह अमरीभाजपा पार्षद दल के नेता मंजीत सिंह टीटू पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा सनी शर्मा,दीपक तेलु मंडल अध्यक्ष सोनू चौहान अजय ठाकुर योगेश मल्होत्रा दविंदर भारद्वाज अश्विनी अटवाल ललित बब्बू दीपक बावा सोनू सहोता,हिमांशु शर्मा सनी शर्मा,प्रमोद कश्यप सहित सभी पार्षद एवं बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने मानवता, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका जीवन और शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के आदर्शों पर चलकर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की वाणी और विचार पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पावन जन्मस्थली से आए इस कलश के दर्शन कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज का संदेश समाज को जोड़ने और मानव सेवा के लिए प्रेरित करता है।
समारोह के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में गुरु रविदास महाराज जी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने पावन कलश के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं समाज की खुशहाली की कामना की।

