नशे की भेंट चढ़ रहे युवा, दो सगे भाइयों सहित 3 की मौत ने पंजाब सरकार के नशा मुक्ति के दावों की खोली पोल : विजय सांपला

नशे की भेंट चढ़ रहे युवा, दो सगे भाइयों सहित 3 की मौत ने पंजाब सरकार के नशा मुक्ति के दावों की खोली पोल : विजय सांपला

जालंधर, 2 नवंबर ( Sunny Bhagat ): पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने कहा कि प्रदेश में नशे का बढ़ता प्रकोप बेहद चिंताजनक और दर्दनाक स्थिति पैदा कर रहा है। नशे की लत के कारण पट्टी शहर के दो सगे भाइयों कुलदीप सिंह और सोना सिंह तथा कस्बा धारीवाल के पंकज कुमार की मौत की सामने आई घटना ने एक बार फिर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के नशा मुक्ति संबंधी बड़े-बड़े दावों की सच्चाई लोगों के सामने ला दी है। यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य के लिए गंभीर चेतावनी है।

जारी एक बयान अनुसार विजय सांपला ने कहा कि चुनावों से पहले पंजाब को नशा मुक्त बनाने के वादे करने वाली आम आदमी पार्टी की सरकार आज नशे के खात्मे के लिए ठोस परिणाम देने में नाकाम दिखाई दे रही है। सवाल यह है कि जब युवा लगातार नशे की भेंट चढ़ रहे हैं और परिवारों के घरों के चिराग बुझ रहे हैं, तो सरकार के नशा विरोधी अभियान कहां हैं?

उन्होंने कहा कि केवल विज्ञापनों, बयानों और फोटो सेशन से नशे का खात्मा नहीं हो सकता। नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ना, बड़े नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना और नशे के आदी युवाओं के इलाज एवं पुनर्वास के लिए प्रभावी प्रबंध करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

विजय सांपला ने कहा कि पंजाब की जवानी को बचाना राजनीति नहीं, बल्कि हर सरकार की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऐलान किया है कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब सहित पूरे देश को नशा मुक्त कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *