जालंधर के भाजपा पार्षदों के वार्ड चमकाने के लिए अशोक मित्तल का बड़ा तोहफा,

जालंधर के भाजपा पार्षदों के वार्ड चमकाने के लिए अशोक मित्तल का बड़ा तोहफा,

जालंधर, 18 अक्टूबर। जालंधर नगर निगम के अंतर्गत भाजपा के निर्वाचित पार्षदों के वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने 37 लाख 50 हजार रुपये की राशि देने का वादा किया। इस राशि से भाजपा के सभी विजयी पार्षदों के वार्डों में जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे लोगों को अंधेरे से राहत मिलेगी और शहर की सुरक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।

इस संबंध में जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में भाजपा पार्षद दल ने पार्षद दल के नेता मनजीत सिंह टीटू के साथ मुलाकात की। इस दौरान राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल द्वारा जालंधर के विकास के लिए दी गई राशि के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगने से आम जनता को सुविधा मिलेगी और रात के समय आवागमन अधिक सुरक्षित होगा।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं देना और शहरों का विकास करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जालंधर के वार्डों में स्ट्रीट लाइटों के लिए 37.50 लाख रुपये उपलब्ध करवाने का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

अशोक मित्तल ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकार के माध्यम से तरक्की विकास कार्यों को डबल स्पीड से आगे बढ़ाया जाएगा। इससे पंजाब में तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे, युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और शहरों एवं गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा तस्करी, गुंडागर्दी और अपराध से मुक्त करने के लिए सख्त कार्रवाई तथा प्रभावी कानून व्यवस्था जरूरी है। भाजपा सरकार बनने पर इन बुराइयों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर पंजाब में सुरक्षा, सुशासन और विकास का नया माहौल बनाया जाएगा।

जालंधर भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं को हल करवाने और शहर के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठा रहे हैं और स्ट्रीट लाइटों के लिए मिली राशि से लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल का धन्यवाद करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य जालंधर को बेहतर सुविधाओं वाला, सुरक्षित और विकसित शहर बनाना है।

भाजपा पार्षद दल के नेता मनजीत सिंह टीटू ने भी इस पहल के लिए अशोक मित्तल का आभार जताया और कहा कि भाजपा पार्षद अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। इस मौके पर पार्षद राजीव ढींगरा, पार्षद तरविंदर सोई,पार्षद अजय बबल, पार्षद रवि कुमार, प्रसाद पार्षद कंवर सरताज, पार्षद गुरप्रीत फौजी,पार्षद पति अमित संधा, पार्षद पति अश्वनी ढड आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *